हीरो मोटोकॉर्प ने स्प्लेंडर की 30वीं एनिवर्सरी के मौके पर भारत में हीरो स्प्लेंडर प्लस एक्सटेक के 2.0 वर्जन को लॉन्च किया है। कंपनी का दावा है कि बाइक एक लीटर पेट्रोल में 73 किलोमीटर चलेगी। स्प्लेंडर प्लस एक्सटेक 2.0 को नए ग्राफिक्स और मामूली कॉस्मेटिक अपडेट के साथ पेश किया गया है।
100CC सेगमेंट में LED हेडलैंप वाली पहली बाइक
बाइक का डिजाइन पुराने मॉडल की तरह ही है। इसमें चौकोर हेडलैम्प के साथ वही क्लासिक डिजाइन है, लेकिन अब इसमें H-शेप के DRL के साथ एक LED यूनिट दी गई है, जो इसे LED हेडलैम्प के साथ आने वाली एकमात्र 100CC बाइक बनाता है। इसमें इंडिकेटर हाउसिंग के लिए एक नया डिजाइन भी है।
स्प्लेंडर प्लस एक्सटेक 2.0 : परफॉर्मेंस
स्प्लेंडर प्लस एक्सटेक 2.0 में परफॉर्मेंस के लिए 97.2CC का एयर-कूल्ड, सिंगल-सिलिंडर इंजन दिया गया है। ये पेट्रोल इंजन 8,000rpm पर 8.02 hp और 6,000rpm पर 8.05Nm का टॉर्क जनरेट करता है। इंजन को ट्रांसमिशन के लिए 4-स्पीड गियरबॉक्स के साथ ट्यून किया गया है और इसमें i3s तकनीक का इस्तेमाल किया गया है।
ये एक आइडल स्टॉप स्टार्ट सिस्टम है, जिसमें बाइक खड़ी करने पर 5 सेकेंड में इंजन अपनेआप बंद हो जाता है और क्लच दबाते ही वापस चालू हो जाता है। इससे फ्यूल की खपत कम होती है। कंपनी का दावा है कि बाइक 73 kmpl का माइलेज देती है। इसमें 9.8 लीटर की कैपेसिटी वाला फ्यूल टैंक दिया गया है।
ब्रैकिंग, सस्पेंशन और फीचर्स
कंफर्ट राइडिंग के लिए बाइक के फ्रंट में टेलिस्कोपिक फोर्क और रियर में 5-स्टेप प्रीलोड एडजस्टेबल ट्विन शॉक एब्जॉर्बर सस्पेंशन दिए गए हैं। ब्रेकिंग के लिए दोनों तरफ 130mm के ड्रम ब्रेक मिलते हैं, साथ ही CBS और 18-इंच व्हील्स के साथ 80-सेक्शन ट्यूबलेस टायर दिए गए हैं। इसका ग्राउंड क्लीयरेंस 165 mm है और इसका कर्ब वेट 122 kg है।
फीचर्स की बात करें तो बाइक में फुली डिजिटल इंस्ट्रूमेंट क्लस्टर है, जो माइलेज की जानकारी दिखाता है। इसके अलावा इसमें साइड-स्टैंड इंडिकेटर, स्पीडोमीटर, ओडोमीटर, ट्रिप मीटर और लो फ्यूल इंडिकेटर रीडआउट, कॉल और मैसेज अलर्ट के साथ ब्लूटूथ कनेक्टिविटी, USB चार्जिंग पोर्ट और बहुत कुछ मिलता है। बाइक में अब डेडिकेटेड स्विच के साथ हैजर्ड लाइट भी दी गई है।



